भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की, तोड़ डाली कुर्सियां,जानिए क्या है वजह
मुसाबनी के भाजपा नेताओं ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहित सिंह का कॉलर तक पकड़ लिया।

घाटशिला। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में गुरुवार को उस समय बवाल मच गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं में गुत्थमगुत्थी हो गई। धक्का-मुक्की के बाद कुर्सियां तक तोड़ डाली गई। बड़ी मशक्कत के बाद वरीय नेताओं ने हालात को संभाला।

दरअसल, गुरुवार को घाटशिला में घाटशिला और बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष पद के लिए तीन नामों का प्रस्ताव देने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दरम्यान जमकर हंगामा होने लगा। जब मुसाबनी मंडल अध्यक्ष पद के लिए तीन नामों का प्रस्ताव देने की प्रक्रिया शुरू हुई तो भाजपा नेताओं ने वोटर लिस्ट में नाम कटने से नाराज होकर हंगामा शुरू कर दिया। कुर्सियां तोड़ डाली और जमकर गाली-गलौज हुई। इस दौरान भाजपा नेता गुरुचरण रजवाड़ के साथ जमकर धक्का-मुक्की हुई ।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष भी बने निशाना
मुसाबनी के भाजपा नेताओं ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहित सिंह का कॉलर तक पकड़ लिया। हालांकि, तुरंत भाजपा वरीय नेताओं ने बीचबचाव किया। बवाल के बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा था कि मुसाबनी मंडल का चुनाव फिलहाल रद्द कर दिया जाए। इसपर मुसाबनी के एक धड़े के भाजपा नेता नाराज हो गए थे। हंगामे के दौरान पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, पिछले विधानसभा चुनाव में घाटशिला से भाजपा प्रत्याशी लखन मार्डी, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश साव, चंडी चरण साव, कुनाराम मुर्मू, रामजीत मार्डी समेत अन्य नेता बाहर मौजूद रहे।