भोपाल: मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने हिंदूत्व की राह पर अपने कदम तेजी से बढ़ा रही है। सरकारी कार्यों का शुभारंभ कन्या पूजन से करने के फैसले के बाद अब सरकारी कार्यालयों में गौमूत्र की फिनायल का प्रयोग करने का ऐलान किया गया है। इसके लिए सरकारी आदेश भी जारी कर दिए हैं।
सरकारी आदेश के अनुसार मंत्रालय से लेकर पंचायत स्तर तक के सारे सरकारी दफ्तरों में साफ सफाई के लिए गौ मूत्र से बनी फिनायल का इस्तेमाल होगा। इसके पीछे बीजेपी नेताओं का तर्क है कि गौमूत्र फिनायल से सफाई के बाद सरकारी दफ्तर शुद्ध रहेंगे। वहीं, इसे सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश भी जारी कर दिए हैं। गौमूत्र से बनी फिनाइल का नाम गौनाईल दिया गया है।
आपको बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब गौमाता पर सियासत हो रही हो। इससे पहले कमलनाथ की सरकार ने भी खुद को गौ भक्त साबित करने की कोशिश की थी। कमलनाथ ने तब गौशालाओं का आधुनिक तरीके से निर्माण करने की घोषणा की थी। जिसके तहत कई जगहों पर गौशालाओं का निर्माण भी हुआ था। इसी कड़ी में अब शिवराज सिंह चौहान ने गौ कैबिनेट का गठन कर सरकारी दफ्तरों में गौनाईल का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं।
