मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पैतृक गांव नेमरा गांव में मंगलवार को एक भावुक पल देखने को मिला, जब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर अखिलेश यादव ने कहा—”उन्होंने अपना जीवन आदिवासी, दलित, शोषित और वंचितों के हक के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और आदर्श हमें हमेशा प्रेरित करता रहेगा।”
इस दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन और बसंत सोरेन सहित पूरे परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। गुरुजी की पत्नी रूपी सोरेन से भेंट के समय अखिलेश यादव खुद भी भावुक हो गए और कहा—”दुख की इस घड़ी में पूरा झारखंड आपके साथ है, आपका संबल ही मुख्यमंत्री को शक्ति देगा।”
गुरुजी को याद करते हुए अखिलेश यादव ने उन्हें “युगों-युगों तक याद किए जाने वाले प्रभावशाली जननेता” बताया, जिन्होंने समाज को नई दिशा दी।
